हर्षोल्लास के साथ मनायी गयी होली

 




हरिद्वार, 01 मार्च (हि.स.)। प्रेस क्लब हरिद्वार में रविवार को होली मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया।इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

पुरानी कचहरी परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, महामंत्री दीपक मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. शिवशंकर जायसवाल, सुनीलदत्त पांडे, आदेश त्यागी और डॉ. रजनीकांत शुक्ल ने दीप प्रज्वलित कर किया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी को होली पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधायक मदन कौशिक, वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेश प्रताप राणा और ओपी चौहान ने भी सहभागिता करते हुए होली की बधाई दी।

शांतिकुंज के कलाकारों ने भजन प्रस्तुत किए, वहीं बच्चों ने नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधा। गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पत्रकारों ने एक-दूसरे के साथ फूलों से होली खेलकर आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि होली भारतीय संस्कृति, एकता और भाईचारे का प्रतीक पर्व है, जिसे प्रतिवर्ष उत्साह के साथ मनाया जाता है। कार्यक्रम के समापन पर पत्रकारों को उपहार वितरित किए गए और सभी ने पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया। समारोह में बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला