758वें सालाना उर्स की तैयारियां तेज, व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश
हरिद्वार, 22 जुलाई (हि.स.)। कलियर शरीफ में 758वें सालाना उर्स, मेला-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला कार्यालय सभागार में बुधवार काे तैयारियों की समीक्षा बैठक की गई।
अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि इस वर्ष 758वें सालाना उर्स का आयोजन 13/14 अगस्त से 3/4 सितंबर तक होगा। चांद दिखाई देने पर मेहंदी डोरी की रस्म के साथ उर्स का शुभारंभ होगा, जबकि मुख्य आयोजन 24-25 अगस्त से 28-29 अगस्त तक संपन्न होंगे।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उर्स शुरू होने से पहले मेला क्षेत्र से सभी अवैध अतिक्रमण हटाए जाएं और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी विभाग समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में अपने कार्य पूरे करें, ताकि देश-विदेश से आने वाले जायरीनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में अस्थायी कार्यालयों और पुलिस चौकियों की स्थापना, जर्मन हैंगर, बैरिकेडिंग, अस्थायी दुकानों, विद्युत व्यवस्था, मोबाइल शौचालय, पार्किंग, सफाई, पेयजल, चिकित्सा, अग्निशमन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस विभाग ने अस्थायी चौकियों, भीड़ नियंत्रण, जल पुलिस और मोटर बोट की तैनाती की योजना प्रस्तुत की। वहीं रेलवे एवं परिवहन विभाग ने अतिरिक्त ट्रेनों, शटल बसों और पार्किंग व्यवस्था, नगर पंचायत पिरान कलियर ने सफाई, जल संस्थान ने पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सकों, एंबुलेंस एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा अग्निशमन विभाग ने आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जानकारी दी।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ ने विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने पर जोर दिया। विधायक पिरान कलियर फुरकान अहमद ने भी सभी विभागों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए उर्स मेले की सभी तैयारियां समय पर पूरी करने की अपील की।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट हरगिरि, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, आरटीओ प्रवर्तन कृष्ण चंद्र पलारिया, उप नगर आयुक्त रुड़की अमरजीत कौर, तहसीलदार विकास अवस्थी सहित पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला