देव संस्कृति विश्वविद्यालय में प्राच्य विद्या सम्मेलन की तैयारियां तेज
हरिद्वार, 30 सितंबर (हि.स.)। देव संस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले 52वें अखिल भारतीय प्राच्य विद्या सम्मेलन के विशेष आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बुधवार को प्रदर्शन कला विभाग में स्पेशल इवेंट ग्रुप के समन्वयकों, अतिरिक्त समन्वयकों और स्वयंसेवकों की बैठक हुई।
स्पेशल इवेंट ग्रुप के मुख्य संयोजक स्वामी आर्षदेव और संयोजक डॉ. गौतम के मार्गदर्शन में मंच संचालन, मंच सज्जा, अतिथि स्वागत, तिलक, शंखनाद, दीप प्रज्वलन, कुलगीत, राष्ट्रीय गीत और उद्घाटन सत्र से जुड़ी व्यवस्थाओं की रूपरेखा तय की गई।
स्वामी आर्षदेव ने कहा कि आयोजन की सफलता के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूर्ण प्रतिबद्धता और सेवा भाव के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करना होगा। बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत भरतनाट्यम, कथक, शास्त्रीय गायन-वादन और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों के समय एवं मंच व्यवस्था पर भी चर्चा की गई।
बैठक में सभी समन्वयकों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए। सम्मेलन में देश-विदेश से करीब तीन हजार विद्वानों और शोधार्थियों के शामिल होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला