राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को लेकर तैयारियां तेज, 7.12 लाख बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य

 


हरिद्वार, 02 मई (हि.स.)। जनपद में 07 मई को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल क्रियान्वयन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. के. सिंह की अध्यक्षता में शनिवार काे जिला समन्वय समिति की बैठक जिला सभागार में आयोजित की गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद हरिद्वार में 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 7,12,146 बच्चों, किशोरों एवं किशोरियों को कृमि मुक्ति के तहत एल्बेंडाजोल दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह दवा 07 मई को सभी सरकारी व निजी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर दी जाएगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. के. सिंह ने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश 07 मई को दवा नहीं ले पाएंगे, उन्हें 14 मई 2026 (मॉप-अप दिवस) पर दवा खिलाई जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिकतम बच्चों तक दवा पहुंचाई जा सके।

उन्होंने विशेष रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों पर ध्यान देने के निर्देश दिए और कहा कि वर्तमान में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की हड़ताल के चलते कोई भी बच्चा दवा से वंचित न रहे। इसके लिए आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से बच्चों को दवा खिलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में बाल विकास, शिक्षा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग को मिलकर रणनीति बनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) अमित कुमार चन्द, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गंभीर तालियान, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास धर्मवीर, चिकित्सा अधीक्षक भगवानपुर डॉ. अनुज सिसोदिया, लक्सर के डॉ. रफीक, इमलीखेड़ा के डॉ. राव अकरम, बहादराबाद की डॉ. आरती बहल, खानपुर के डॉ. कुंदन, प्रोग्राम ऑफिसर भजन पावर सहित अन्य अधिकारी एवं आंगनबाड़ी सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला