ग्रामीण विद्यालय के पूर्व छात्र शुभम कुमार का इसरो में चयन
-हाई स्कूल में प्रथम श्रेणी प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान
हरिद्वार, 26 मई (हि.स.)। ग्रामीण क्षेत्र के राजकीय उच्चतर विद्यालय सहदेवपुर में प्रथम श्रेणी में कक्षा 10 उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी, विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य तरुण कुमार शर्मा ने प्रथम श्रेणी में उर्त्तीण होने वाले 11 छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया। प्रतिभा सम्मान समारोह में वरिष्ठ अध्यापक दिनेश कुमार शर्मा द्वारा यह जानकारी देने पर कि विद्यालय के पूर्व छात्र (सत्र 2010-11) शुभम कुमार का इसरो में वैज्ञानिक के रूप में चयन हुआ है, विद्यार्थियों में हर्ष की लहर दौड़ गई।
मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी ने छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि मोबाइल का कम से कम प्रयोग करें। केवल शैक्षिक प्रयोग के लिए ही मोबाइल का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि मैंने 2022 में इस विद्यालय को गोद लिया था। आज विद्यालय की प्रगति देखकर उन्हें अत्यन्त प्रसन्नता हो रही है।
कार्यक्रम में अध्यापक राजेश कुमार सैनी, प्रमोद कुमार सिंह, शैलेंद्र कुमार गौड़, राजेंद्र सिंह, तरुणा धीमान, जावेद आलम, पीटीए अध्यक्ष प्रवीण कुमार, अध्यक्ष प्रताप सिंह एवं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मंजीत सिंह सहित अभिभावक व ग्रामीण शामिल रहे। प्रधानाचार्य किशोरी सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला