पीएम स्वनिधि योजना में तेजी लाने के निर्देश, पात्रों को अधिक से अधिक ऋण उपलब्ध कराने पर जोर

 


हरिद्वार, 24 जून (हि.स.)। जनपद में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता ने की।

बैठक में नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष किए गए कार्यों और लाभार्थियों को उपलब्ध कराए गए ऋण की समीक्षा की गई।

अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र लोगों तक योजना का लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए अभियान मोड में कार्य करने पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि अधिकाधिक लोगों को योजना से लाभान्वित किया जा सके। साथ ही लीड बैंक अधिकारी को निर्देश दिए गए कि बैंकों में प्राप्त आवेदनों पर अनावश्यक आपत्तियां न लगाई जाएं और पात्र आवेदकों के ऋण शीघ्र स्वीकृत किए जाएं।

बैठक के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि भारतीय स्टेट बैंक का पोर्टल तकनीकी कारणों से संचालित नहीं हो पा रहा है, जिसके चलते कई आवेदन लंबित पड़े हैं। इस पर अपर जिलाधिकारी ने लीड बैंक अधिकारी को एसबीआई से पत्राचार कर समस्या का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए।

बैठक में एलडीएम दिनेश गुप्ता, टीएस एसएनए नगर निगम श्याम सुंदर प्रसाद, खंड विकास अधिकारी रुड़की सुमन कुटियाल, ईओ प्रियंका ध्यानी, अंकित राणा, रोहित पंवार, मंजू चौहान, उत्तम सिंह नेगी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला