दीपावली से पहले बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, कुमाऊं में यूपीसीएल के एमडी ने की समीक्षा

 


देहरादून, 05 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यूपीसीएल एवं पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने कुमाऊं के तीन दिवसीय दौरे के दौरान अधिकारियों को विद्युत लाइनों और तंत्र का आवश्यक रखरखाव समय से पूरा करने, खराब पोलों को बदलने और करंट लीकेज जैसी कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

काशीपुर, हल्द्वानी और खटीमा में हुई समीक्षा बैठकों में विद्युत आपूर्ति,राजस्व वसूली,टीएंडडी लॉस, विद्युत चोरी की रोकथाम,उपभोक्ता सेवाओं और विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। पीसी ध्यानी ने अधिकारियों से निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने और फील्ड स्तर पर निगरानी बढ़ाने को कहा।

काशीपुर में मीडिया से बातचीत में ध्यानी ने स्मार्ट मीटर को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को लेकर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ता मोबाइल फोन पर अपनी बिजली खपत और मीटर रीडिंग की निगरानी कर सकते हैं तथा खपत के अनुसार बिजली उपयोग को नियंत्रित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने पर उपभोक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की बात भ्रामक है।

उनके अनुसार, उत्तराखंड में अब तक स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने को लेकर किसी उपभोक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। काशीपुर के बाद हल्द्वानी पहुंचे। यहां नैनीताल और रामनगर खंडों की विद्युत व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। इसके बाद हल्द्वानी में रानीखेत, अल्मोड़ा, बागेश्वर और हल्द्वानी मंडलों की मैराथन समीक्षा बैठक हुई। इसमें लाइन लॉस कम करने, राजस्व संग्रह बढ़ाने, बिजली चोरी रोकने और उपभोक्ता सेवाओं में सुधार पर विशेष जोर दिया गया।

उन्होंने सही और समय पर बिजली बिल उपलब्ध कराने,नए विद्युत कनेक्शन शीघ्र जारी करने और आरडीएसएस के तहत स्मार्ट मीटर स्थापना में तेजी लाने को कहा। अधिकारियों को फील्ड में उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और सेवा वितरण में जवाबदेही बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

पीसी ध्यानी ने बताया कि बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को देखते हुए नए विद्युत संयंत्रों और आवश्यक आधारभूत ढांचे के विकास के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) से करीब 9,000 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्राप्त करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समीक्षा बैठकों का उद्देश्य केवल प्रगति की जानकारी लेना नहीं, बल्कि योजनाओं और कार्यों का जमीनी स्तर पर समयबद्ध परिणाम सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों की उपस्थिति, कार्यों की निगरानी और निष्पादन में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। दौरे के अंतिम चरण में ध्यानी ने खटीमा में आयोजित उत्तराखंड आदि रंगोत्सव महोत्सव-2026 के दौरान मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और वहां विद्युत व्यवस्था का जायजा लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय