पॉलिटेक्निक कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 15 मई तक आवेदन

 




देहरादून, 17 अप्रैल (हि. स.)। उत्तराखंड में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए राजकीय एवं निजी पॉलिटेक्निक कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्राविधिक शिक्षा विभाग ने इच्छुक अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं, जिसकी अंतिम तिथि 15 मई निर्धारित की गई है।

विभाग के अनुसार, राज्यभर के पॉलिटेक्निक संस्थानों में विभिन्न डिप्लोमा स्तरीय तकनीकी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। केमिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल, सिविल, मैकेनिकल, कंप्यूटर साइंस, सूचना प्रौद्योगिकी, ऑटोमोबाइल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑटोमेशन एवं रोबोटिक्स सहित करीब 40 रोजगारपरक डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के अवसर उपलब्ध हैं।

पॉलिटेक्निक डिप्लोमा धारकों को बीटेक पाठ्यक्रमों में सीधे द्वितीय वर्ष में प्रवेश के लिए लैटरल एंट्री का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा 12वीं अथवा आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को भी द्वितीय वर्ष में प्रवेश की सुविधा मिलेगी, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।

संस्थानों की संख्या और सुविधाएं

प्रदेश में कुल 71 राजकीय, एक अनुदानित और 85 निजी पॉलिटेक्निक संस्थान संचालित हैं। छात्राओं के लिए प्रत्येक वर्ग में 30 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है, वहीं अधिकांश सरकारी एवं अनुदानित संस्थानों में महिला छात्रावास की सुविधा भी उपलब्ध है। विभाग की ओर से पॉलिटेक्निक संस्थानों से उत्तीर्ण छात्रों के लिए नियमित रूप से रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है, ताकि उन्हें विभिन्न उद्योगों में रोजगार के अवसर मिल सकें।

तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार क़ो एक बयान में कहा कि अधिक से अधिक युवाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई है। उन्होंने छात्रों से समयावधि के भीतर आवेदन कर संयुक्त प्रवेश परीक्षा में भाग लेने की अपील की। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय