कांग्रेस प्रभारी का दौरा राजनीतिक नौटंकी : महेंद्र भटृ
देहरादून, 09 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस के उत्तराखंड प्रभारी के दौरे को राजनीतिक नौटंकी करार देते हुए कहा कि यह केवल दिखावटी है और इससे राज्य की जनता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
महेंद्र भट्ट ने गुरूवार काे एक जारी बयान में कहा क दिल्ली में बैठकर रिमोट के जरिए पार्टी चलाने वाले नेता राज्य की राजनीति को प्रभावित करने का असफल प्रयास कर रहे हैं। जो नेता अपने ही राज्य में पार्टी को जीत नहीं दिला पाए, वे उत्तराखंड में सत्ता के सपने देख रहे हैं। भट्ट ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश में तेजी से विकास हो रहा है और जनता भाजपा के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर गुटबाजी और आंतरिक कलह चरम पर है, जिसे छिपाने के लिए ऐसे दौरे किए जा रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में हाल ही में पार्टी जॉइनिंग को लेकर जो प्रचार किया गया था, वह भी अब आंतरिक विरोध के चलते पूरी तरह विफल साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संगठनात्मक ढांचा कमजोर हो चुका है और कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
भट्ट ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व के पास न तो कोई स्पष्ट नीति है और न ही जनता से जुड़ा कोई मजबूत मुद्दा, इसलिए वे केवल राजनीतिक बयानबाजी के सहारे चर्चा में बने रहने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता अब विकास और स्थिर सरकार के पक्ष में है और विपक्ष के ऐसे आरोपों को गंभीरता से नहीं ले रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय