चारधाम यात्रा में ‘नो कैप नीति’ से आस्था और अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल: महेंद्र भट्ट

 




देहरादून, 11 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने चारधाम यात्रा में यात्री संख्या पर से प्रतिबंध हटाने के निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है। यात्रा 'नो कैप' नीति के तहत होगी।

प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने शनिवार को जारी बयान में इसे श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करने वाला और राज्य की आर्थिकी को गति देने वाला ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से यात्रा को लेकर फैल रही सभी अफवाहों और भ्रम पर विराम लगेगा।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि देवभूमि की चारधाम यात्रा विश्वभर के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और पिछले वर्षों में राज्य सरकार ने इसे सफल, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए अनेक प्रयास किए हैं। अब परिस्थितियों में सुधार और जनभावना को देखते हुए सरकार ने यात्री संख्या की सीमा समाप्त कर दी है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या पर कोई दैनिक सीमा लागू नहीं होगी और यात्री बिना किसी प्रशासनिक रोक-टोक के केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन कर सकेंगे।

भट्ट ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंध हटने के बावजूद यात्रियों की सुरक्षा और सुगम व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए डिजिटल मॉनिटरिंग, एडवांस स्लॉट सिस्टम और स्वच्छता मानकों का सख्ती से पालन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस निर्णय से स्थानीय व्यापारियों, तीर्थ पुरोहितों और पर्यटन से जुड़े लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा तथा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही श्रद्धालुओं को लंबी कतारों और प्रतीक्षा से राहत मिलेगी।

भट्ट ने विश्वास जताया कि यह निर्णय उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और यात्रा को सुरक्षित, स्वच्छ व निर्बाध बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

चारधाम यात्रा शुरू होने में अब केवल कुछ दिन ही बचे हैं। आगामी 19 अप्रैल से चारधाम यात्रा की शुरुआत हो जाएगी।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय