एसआईआर को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा का पलटवार, महेंद्र भट्ट बोले- निर्वाचन प्रक्रिया को बदनाम करने की कोशिश
देहरादून, 08 अक्टूबर (हि.स.)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस निर्वाचन प्रक्रिया को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे पुनरीक्षण को राजनीतिक विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।
महेंद्र भट्ट ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान फॉर्म-7 के माध्यम से प्रदेश में केवल 7,522 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के लाखों नाम काटे जाने के आरोप को गलत बताते हुए कहा कि करीब 9.31 लाख मतदाताओं की संख्या कम होने के पीछे मृत, स्थानांतरित, डुप्लीकेट और अन्य श्रेणियों के मतदाता शामिल हैं।
भट्ट ने कहा कि चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार हटाए गए नामों में 1.24 लाख से अधिक मृत मतदाता हैं, जबकि 6.33 लाख से अधिक लोग दूसरे राज्यों में स्थानांतरित हो चुके हैं अथवा दिए गए पते पर नहीं मिले। इसके अलावा 61 हजार से अधिक मल्टीपल या डुप्लीकेट नाम भी सामने आए। करीब 7,713 ऐसे मतदाता भी थे जिन्होंने आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं किए।
उन्होंने कहा कि फॉर्म-7 के तहत कुल 96,704 आपत्तियां प्राप्त हुई थीं, जिनमें जांच के बाद 89,182 आवेदन निरस्त कर दिए गए। इस तरह 71 लाख 58 हजार 949 मतदाताओं वाली अंतिम सूची में फॉर्म-7 के माध्यम से नियमानुसार 7,522 नाम ही हटाए गए हैं।
भट्ट ने कहा कि यदि कांग्रेस को स्थानांतरित या अनुपस्थित बताए गए मतदाताओं के नाम पर आपत्ति है तो वह उन्हें सामने लाकर आयोग के समक्ष पंजीकृत करा सकती है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने के लिए मृत और डुप्लीकेट नामों को हटाना जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय