पेपर लीक और भर्ती घोटालों के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
हरिद्वार, 04 जुलाई (हि.स.)। देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, भर्ती घोटालों और प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि देश की शिक्षा और भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियां इसके विपरीत दिखाई दे रही हैं। उन्होंने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाए तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अजय गिरी और रचना शर्मा ने कहा कि लाखों अभ्यर्थी वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक, भर्ती में देरी और नकल जैसे मामलों के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। इससे युवाओं में निराशा और असंतोष बढ़ रहा है।
महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष संतोष चौहान और प्रदेश महासचिव वरुण बालियान ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार निष्पक्ष और सुरक्षित परीक्षा प्रणाली उपलब्ध कराने में विफल रही है।
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू मिश्र, महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव, एससी-एसटी कांग्रेस जिलाध्यक्ष तीर्थ पाल रवि, पार्षद हिमांशु गुप्ता,पार्षद नौमान अंसारी ने चेतावनी दी कि यदि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपने आंदोलन को और तेज करेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश महासचिव महिला कांग्रेस नलिनी दीक्षित, सुमन अग्रवाल, पार्षद महावीर वशिष्ठ, बीपीएस तेजियान, विजय प्रजापति, उज्ज्वल वालिया, हिमांशु राजपूत, मोहित अरियाल, रितेश पांडेय, नंदन शाह, गौरव गोस्वामी, नागेश रावत, मनोज अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला