मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने पर कांग्रेस का प्रदर्शन, चुनाव आयोग का पुतला फूंका
हरिद्वार, 10 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राज्यसभा सीट के लिए कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हरिद्वार में बुधवार काे प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस अनुसूचित विभाग के अध्यक्ष मनोज जाटव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ऋषिकुल चौक पर एकत्र होकर चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की तथा उसका पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया। महानगर अध्यक्ष (अनुसूचित विभाग) मनोज जाटव और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग निष्पक्षता से कार्य करने के बजाय सत्तारूढ़ दल के प्रभाव में काम कर रहा है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंच रहा है।
जिलाध्यक्ष अनुसूचित विभाग तीर्थपाल रवि और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने कहा कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया जाना लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने इसे महिलाओं के राजनीतिक अधिकारों पर भी आघात बताया।
विधायक प्रत्याशी राजबीर चौहान, पूर्व अध्यक्ष रवीश भटीजा और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा ने कहा कि भाजपा एक ओर समान कानून और समान व्यवस्था की बात करती है, जबकि दूसरी ओर विपक्षी नेताओं के साथ अलग व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना ठोस आधार के कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन निरस्त किया गया है।
नगर अध्यक्ष यशवंत सैनी, शिवालिक नगर ब्लॉक अध्यक्ष मोहन राणा और निखिल सौदाई ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनता को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा और संविधान की रक्षा के लिए आगे आना होगा।
युवा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष कैश खुराना, युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अंकुर सैनी तथा जिला उपाध्यक्ष गौरव चौहान ने भी नामांकन निरस्तीकरण की निंदा करते हुए भाजपा पर महिला विरोधी मानसिकता अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदर्शन में रजत कुमार, समर्थ अग्रवाल, कार्तिक शर्मा, आशु भारद्वाज, आशु श्रीवास्तव, कैलाश प्रधान, बीपीएस तेजियान, यश शर्मा, सौरभ सैनी, घनश्याम, सुनील, उदित विद्याकुल, विशाल प्रधान, उदय सिंह, होशियार, गोपाल, छोटेलाल, राजबीर सैनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के साथ कथित रूप से हो रहे अन्याय को नहीं रोका गया तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन तेज करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला