पेपर लीक और भर्ती घोटालों पर कांग्रेस का हमला
हरिद्वार, 24 जून (हि.स.)। जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार ने शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार, लगातार हो रहे पेपर लीक, परीक्षाओं के निरस्तीकरण, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बढ़ती बेरोजगारी को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित कर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि देश और प्रदेश का युवा आज गहरे संकट से गुजर रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में वर्षों की मेहनत करने वाले छात्र-छात्राएं बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने, परीक्षाएं रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी के कारण मानसिक तनाव और निराशा का सामना कर रहे हैं। उनका आरोप है कि नकल माफिया और भ्रष्टाचार के चलते युवाओं का सरकारी नौकरी और परीक्षा प्रणाली से भरोसा उठता जा रहा है।
उन्होंने देहरादून की छात्रा रिया कुमारी थापा की आत्महत्या का उल्लेख करते हुए कहा कि परीक्षा संबंधी अनिश्चितता और तनाव युवाओं पर गंभीर मानसिक प्रभाव डाल रहे हैं। पार्टी ने इसे व्यवस्था की नेताओं ने कहा कि एक ओर सरकार सख्त नकल विरोधी कानून की बात करती है, वहीं दूसरी ओर भर्ती परीक्षाओं में लगातार अनियमितताएं सामने आती रही हैं।
मुरली मनोहर ने मांग की कि पेपर लीक और भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, नकल माफिया के नेटवर्क को समाप्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाया जाए तथा लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। साथ ही छात्रों और प्रतियोगी परीक्षार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए परामर्श और सहायता की विशेष व्यवस्था करने की भी मांग की गई।
कहा कि पार्टी युवाओं के हितों की रक्षा के लिए उनके साथ खड़ी है और भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली किसी भी व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी। प्रेसवार्ता के दौरान महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग, अंजू मिश्रा, राजवीर सिंह, मुरली मनोहर, अंजू द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला