कांग्रेस का हल्लाबोल, लक्सर में सड़क पर उतरे कार्यकर्ता, फूंका पुतला
हरिद्वार, 30 अगस्त (हि.स.)। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद सामने आए कथित शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर उत्तराखंड की सियासत गरमा गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के कथित बयान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को लक्सर में जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर जातिवादी मानसिकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जाति के आधार पर किसी व्यक्ति या समुदाय के साथ भेदभाव की कोई जगह नहीं है। कांग्रेस नेताओं ने हल्द्वानी प्रकरण को दलित समाज के सम्मान और स्वाभिमान से जोड़ते हुए भाजपा नेतृत्व पर तीखे निशाने साधे।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश में दलित समाज की महिलाओं के साथ उत्पीड़न की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार इन मामलों पर गंभीरता दिखाने के बजाय राजनीतिक बयानबाजी में उलझी हुई है। उन्होंने भाजपा सरकार पर कथनी और करनी में अंतर होने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस समाज के हर वर्ग के सम्मान और अधिकार की लड़ाई लड़ती रहेगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि समाज को जाति और धर्म के नाम पर बांटने की राजनीति का लगातार विरोध किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली का जवाब देगी।
पुतला फूंककर जताया विरोध
पुतला दहन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए क्षेत्र का माहौल पूरी तरह राजनीतिक नारों से गूंज उठा।
प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, प्रदेश सचिव संदीप चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष संजय सैनी, जिला प्रवक्ता संजय वर्मा, नगर अध्यक्ष चौधरी भगत सिंह, गुफरान अंसारी, संवर अली, लोकेश कुमार, अमित कुमार शर्मा उर्फ डोनू, ताहिर हसन, सुल्तानपुर अध्यक्ष चौधरी सत्यजीत सिंह, कमलकांत सैनी, रोहित कुमार, विक्रम सैनी, जगबीर सिंह, रजत, अनीता बर्मन, राहुल, सनत पवार, अवतार सिंह, राकेश कुमार, विवेक कुमार, सदावली, शमशाद, जहांगीर अली, मनोज वर्मा और तपन बनर्जी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला