युवक से अभद्रता के आरोप में घिरे पूर्व विधायक चैंपियन, भीम आर्मी ने दी तहरीर

 


हरिद्वार, 24 जून (हि.स.)। खानपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो को लेकर पीड़ित परिवार और भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने लक्सर कोतवाली पहुंचकर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर सौंपी है।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पूर्व विधायक ने एक युवक के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उसे आपत्तिजनक गालियां दीं। वायरल वीडियो में पूर्व विधायक कथित रूप से युवक को फटकार लगाते और अपशब्द कहते दिखाई दे रहे हैं, जबकि युवक उनसे माफी मांगता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

पीड़ित युवक के पिता सुदेश कुमार का कहना है कि उनके पुत्र के साथ सार्वजनिक रूप से अपमानजनक व्यवहार किया गया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

वहीं, भीम आर्मी जय भीम उत्तराखंड के पूर्व प्रदेश प्रभारी दीपक सेठपुर और कार्यकर्ता सत्येंद्र राणा के नेतृत्व में संगठन के सदस्य कोतवाली पहुंचे और पूर्व विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। संगठन का कहना है कि वायरल वीडियो में युवक के साथ की गई कथित अभद्रता स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।

भीम आर्मी ने पुलिस प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय के भीतर मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन एसएसपी कार्यालय पर आंदोलन करेगा।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला