धामी सरकार का मूल्यांकन कार्यों से होगा, समय से नहीं: मनवीर चौहान
देहरादून, 04 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पांच वर्ष के कार्यकाल का मूल्यांकन समय के बजाय उनके कार्यों और उपलब्धियों के आधार पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री धामी अपने कार्यों के कारण उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश के लोकप्रिय मुख्यमंत्रियों में शामिल हुए हैं।
शनिवार को जारी बयान में मनवीर चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य में विकास कार्यों को गति मिली है और अनेक महत्वाकांक्षी परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री धामी ने अपने निर्णयों और कार्यशैली से स्वयं को विकासोन्मुख नेतृत्व के रूप में स्थापित किया है। राज्य में संचालित लाखों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं उत्तराखंड की प्रगति को दर्शाती हैं। मुख्यमंत्री धामी ने विकास के लिए दूरदृष्टि, समर्पण और अनुशासित कार्यशैली के साथ कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
कांग्रेस के चढ़ावा गड़बड़ी के आरोपों पर चौहान ने कहा कि विपक्ष निराधार आरोप लगाकर अपनी भूमिका निभाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि बदरी-केदार मंदिरों में सोना चोरी के आरोप जांच में सही नहीं पाए गए। उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में भाजपा जांच से पीछे नहीं हटती। केदारनाथ में चढ़ावे से जुड़े मामले में बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने जांच के आदेश दिए हैं, जबकि अयोध्या प्रकरण में विशेष जांच दल (एसआईटी) जांच कर रही है।
चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी का पांच वर्ष का कार्यकाल विकास और सुशासन को समर्पित रहा है, इसलिए इसे लेकर जनता में उत्साह स्वाभाविक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी संकल्प यात्रा को अपेक्षित जनसमर्थन नहीं मिलने के कारण अनर्गल बयानबाजी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश का युवा, महिलाएं और आमजन रोजगार, पारदर्शी व्यवस्था और समावेशी विकास से संतुष्ट हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय