मसूरी में ‘वीआईपी कल्चर’ दिखाना पड़ा महंगा, हूटर-लालबत्ती लगी दिल्ली की कार सीज
मसूरी, 19 जून (हि.स.)। पर्यटन नगरी मसूरी में यातायात नियमों का उल्लंघन कर ‘वीआईपी रौब’ झाड़ रहे एक वाहन चालक पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। विशेष चेकिंग अभियान के दौरान मसूरी पुलिस ने अवैध ब्लैक फिल्म, हूटर और लाल-नीली बत्ती लगी दिल्ली नंबर की कार को सीज कर दिया। चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं मिला।
कोतवाली मसूरी पुलिस द्वारा गज्जी बैंड क्षेत्र में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान वाहन रोककर जांच की गई। वाहन चला रहे धुर्व कुमार (20 वर्ष), निवासी रोहिणी, नई दिल्ली से दस्तावेज मांगे गए,लेकिन वह वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस जांच में कार के शीशों पर अवैध ब्लैक फिल्म लगी मिली। इसके अलावा वाहन में हूटर और लाल-नीली बत्ती का उपयोग किया जा रहा था, जो सामान्य नागरिकों के लिए प्रतिबंधित है। पुलिस के अनुसार ऐसे उपकरणों का इस्तेमाल कर कुछ लोग वीआईपी होने का झूठा प्रभाव बनाने का प्रयास करते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।
नियमों के गंभीर उल्लंघन को देखते हुए पुलिस ने चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में चालान करते हुए वाहन को मौके पर ही सीज कर दिया।
मसूरी कोतवाल देवेन्द्र चौहान ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश और क्षेत्राधिकारी मसूरी के पर्यवेक्षण में कोतवाली मसूरी पुलिस द्वारा यातायात नियमों के पालन को लेकर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना लाइसेंस वाहन चलाना, ब्लैक फिल्म लगाना तथा प्रतिबंधित हूटर और लाल-नीली बत्ती का इस्तेमाल कानूनन अपराध है। पुलिस ने आमजन और पर्यटकों से यातायात नियमों का पालन करने और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय