एसएसपी ने किया थाना झबरेड़ा का वार्षिक निरीक्षण,आदर्श भोजनालय का लोकार्पण

 


हरिद्वार, 18 मार्च (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने बुधवार को थाना झबरेड़ा का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान थाने में नवनिर्मित आदर्श भोजनालय का लोकार्पण भी किया गया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना परिसर,कार्यालय,कर्मचारी बैरक और भोजनालय सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ रखने,परिसर में नियमित कीटनाशक छिड़काव कराने और शौचालयों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यालय स्टाफ से बातचीत के दौरान उन्होंने विभिन्न अभिलेखों,रजिस्टरों और सीसीटीएनएस से संबंधित दस्तावेजों का निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि सभी रजिस्टर नियमित रूप से अपडेट रखे जाएं और निस्तारित प्रार्थना पत्र समय पर संबंधित कार्यालयों को भेजे जाएं।

एसएसपी ने थाना परिसर में उपलब्ध असलहों का निरीक्षण करते हुए जवानों से हथियारों को खोलने और जोड़ने की प्रक्रिया भी कराई। उन्होंने हेड मोहर्रिर को हथियारों की नियमित सफाई और जवानों के प्रशिक्षण को जारी रखने के निर्देश दिए।

मालखाना निरीक्षण के दौरान उन्होंने आबकारी अधिनियम से संबंधित माल के निस्तारण, निर्णित मुकदमों के माल के निष्पादन और लावारिस वाहनों की नीलामी के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने आदर्श भोजनालय को थाना कर्मचारियों को समर्पित किया और सैनिक सम्मेलन आयोजित कर जवानों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला