तल्लीताल पुलिस ने स्कूटी सहित खाई में गिरे युवक की बचाई जान
नैनीताल, 05 फ़रवरी (हि.स.)। तल्लीताल थाना क्षेत्र में पाइंस-भवाली रोड के पास स्कूटी सहित 100 से 150 मीटर गहरी खाई में गिरे युवक को तल्लीताल पुलिस ने एसडीआरएफ और अग्निशमन बलों की मदद से सकुशल बचा लिया।
नैनीताल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज गुरुवार को सूचना मिलने पर तल्लीताल के थानाध्यक्ष मनोज नयाल पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और खाई में गिरे युवक को एसडीआरएफ और अग्निशमन बलों की मदद से सकुशल बचाया। खाई में गिरे घायल की पहचान कमल सिंह मेहरा पुत्र बालम सिंह मेहरा निवासी पंगोट मल्लीताल उम्र 33 वर्ष के रूप में हुई। युवक के शरीर में गंभीर चोटें पाई गईं। उसे तत्काल पुलिस के सरकारी वाहन से उपचार के लिए बीडी पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।
बचाव अभियान में तल्लीताल पुलिस के थानाध्यक्ष मनोज नयाल के साथ वरिष्ठ आरक्षी दीवान नाथ और आरक्षीअमित गहलोत के साथ एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने सहयोग किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी