उत्तराखंड पुलिस के 15 उपनिरीक्षक बने निरीक्षक, दो वर्ष में 1640 पुलिसकर्मियों को मिली पदोन्नति

 


देहरादून, 18 जून (हि.स.)) उत्तराखंड पुलिस के नागरिक पुलिस एवं अभिसूचना संवर्ग के 15 उपनिरीक्षकों को निरीक्षक पद पर पदोन्नत किए गए हैं। दो सालों में अब तक विभिन्न शाखाओं के कुल 1640 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिल चुका है। शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय ने एक बयान जारी कर बताया कि वर्ष 2025 और 2026 विभागीय पदोन्नति के लिहाज से उत्तराखंड पुलिस के लिए महत्वपूर्ण रहे हैं। वर्ष 2025 में एक हजार से अधिक और वर्ष 2026 में अब तक 580 पुलिस कर्मियों को पदोन्नति मिल चुकी है। इस प्रकार पिछले दो वर्षों में नागरिक पुलिस, अभिसूचना, सशस्त्र पुलिस, दूरसंचार और अग्निशमन सेवा सहित विभिन्न शाखाओं के कुल 1640 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है। वर्ष 2026 में अब तक 13 पुलिस उपाधीक्षक (कनिष्ठ वेतनमान), दो पुलिस उपाधीक्षक (एम), 26 निरीक्षक, 144 उपनिरीक्षक, 63 अपर एवं सहायक उपनिरीक्षक और 332 मुख्य आरक्षियों को पदोन्नत किया गया है।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दीपम सेठ ने पदोन्नत अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि समयबद्ध और पारदर्शी पदोन्नति प्रक्रिया से पुलिस बल का मनोबल बढ़ता है और कार्यकुशलता में सुधार होता है। उन्होंने गृह एवं कार्मिक विभाग और पुलिस मुख्यालय के कार्मिक अनुभाग की सराहना करते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा में पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय भविष्य में भी कार्मिकों के हितों और कल्याण से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देते हुए पदोन्नति प्रक्रिया को गति देता रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय