मां नंदा देवी महोत्सव को लेकर पुलिसकर्मियों को ब्रीफिंग, सुरक्षा-यातायात व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश
नैनीताल, 18 सितंबर (हि.स.)। माता नंदा देवी महोत्सव के तहत शनिवार को सुबह ब्रह्म मुहूर्त में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत दर्शन प्रारंभ होंगे। 18 से 23 सितंबर तक चलने वाले दर्शनों के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना के दृष्टिगत सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए नैनीताल के पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र ने शुक्रवार को गोवर्धन हॉल मल्लीताल में ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को ब्रीफ किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशों के क्रम में आयोजित ब्रीफिंग में पुलिसकर्मियों को सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसपी ने मेला क्षेत्र में पुलिस बल की पर्याप्त दृश्यता बनाए रखने, सभी कर्मियों का अनुशासन एवं वर्दी-प्रस्तुति बेहतर रखने तथा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और आम जनता से शालीन व्यवहार करने को कहा। उन्होंने मंदिर समिति के साथ समन्वय बनाए रखने तथा भारी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को देखते हुए प्रभावी भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने यातायात कर्मियों और मोबाइल टीमों को सतर्क रहते हुए सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करने, संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने तथा क्षेत्र में लगातार गश्त करने को कहा। मेला नियंत्रण कक्ष में सीसीटीवी से लगातार निगरानी के साथ डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता, अग्निशमन, ड्रोन और संचार टीमों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती और लगातार जांच एवं तलाशी के साथ अभिसूचना तंत्र को भी सक्रिय रखने को कहा गया।
मेला व शोभायात्रा के नगर भ्रमण के दौरान सुगम यातायात के लिए निरीक्षक यातायात को प्रभावी यातायात डायवर्जन योजना तैयार करने तथा मल्लीताल, तल्लीताल पुलिस और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने भी संचार व्यवस्था एवं मेला ड्यूटी को लेकर पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए। ब्रीफिंग में सीओ नैनीताल अंजना, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल राजेंद्र रावत, प्रतिसार निरीक्षक राजकुमार बिष्ट, निरीक्षक सुनील बिष्ट, अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र नेगी सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में एएचटीयू नैनीताल ने 17 सितंबर को मल्लीताल, तल्लीताल, रोडवेज स्टेशन और टैक्सी स्टैंड क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान आमजन और बच्चों को मानव तस्करी, बाल अपराध, साइबर अपराध, भिक्षावृत्ति तथा बच्चों के साथ होने वाले अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल डायल-112 अथवा नजदीकी पुलिस को देने की अपील की गई। अभियान में एएचटीयू प्रभारी उपनिरीक्षक सुनीता कुंवर, हेड कांस्टेबल प्रहलाद सिंह, कांस्टेबल महेश सायना और कांस्टेबल गोविंद मेहरा शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी