ऑपरेशन प्रहार: एक माह में 771 गिरफ्तार, 25 अवैध शस्त्र बरामद
हरिद्वार, 05 मई (हि.स.)। हरिद्वार जनपद में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुए एक माह में 771 आरोपितों को गिरफ्तार किया है और 25 अवैध शस्त्र भी बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में 03 अप्रैल से 03 मई तक की कार्रवाई का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इस अवधि में पुलिस ने कुल 771 आरोपितों को गिरफ्तार किया, जिनमें 96 वांछित, 26 इनामी और 431 वारंटी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 101 गुंडा तत्वों और 24 हिस्ट्रीशीटरों पर भी कार्रवाई की गई, जबकि शांति व्यवस्था भंग करने वाले 843 व्यक्तियों और 280 अन्य असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी गिरफ्तारी और चालान किए गए।
पुलिस ने जनपद में रह रहे संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया। इस दौरान 15,666 लोगों का सत्यापन किया गया। सत्यापन न कराने पर कड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बीएनएस के तहत 3, पुलिस एक्ट में 4006, बीएनएसएस में 394 तथा 49 अन्य मामलों में कार्रवाई की। साथ ही एक अवैध विदेशी नागरिक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। बिना सत्यापन किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों और किरायेदारों पर भी चालान किए गए।
देर रात होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने होटल, बार, पब, क्लब और ढाबों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। एक माह में 3543 इकाइयों की जांच की गई, जिनमें अनियमितता पाए जाने पर 96 प्रतिष्ठानों को बंद कराया गया। इसके अलावा 84 मालिकों और 216 अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
यातायात नियमों का उल्लंघन और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ इस दौरान 2543 चालान किए गए, 68 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 452 वाहनों को सीज किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने 25 अवैध शस्त्र भी बरामद किए, जो अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में बड़ी सफलता मानी जा रही है। एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि हरिद्वार में अपराध और अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला