पुलिस लाइन में धूमधाम से मनाया गया हरियाली तीज का पर्व

 


नई टिहरी, 17 अगस्त (हि.स.)। पुलिस लाइन चंबा में रविवार को हरियाली तीज का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान पुलिस परिवार की महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

एसएसपी श्वेता चौबे ने दीप प्रज्वलित कर तीज समारोह का शुभारंभ किया। तीज क्वीन प्रतियोगिता में पूजा कश्यप ने पहला स्थान हासिल किया,जबकि उपासना उपविजेता और संगीता तीसरे स्थान पर रहीं। बेस्ट मेहंदी प्रतियोगिता में सरिता ने पहला, सोनी चौहान ने दूसरा और मानसी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

एसएसपी ने विजेताओं और बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पुलिस परिवार की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में लोकगीत और लोकनृत्य प्रस्तुत किए।

एसएसपी ने कहा कि हरियाली तीज जैसे पारंपरिक पर्व सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी डॉ. सिद्धि मिश्रा, वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक रश्मि बिष्ट, परवाज अख्तर, शालू सिंह और रश्मि भंडारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी