चेन स्नेचर ने पुलिस पर चलाई गोली, जवाबी फायरिंग में पैर में घायल

 


हरिद्वार, 07 अक्टूबर (हि.स.)। खड़खड़ी क्षेत्र में महिला से चेन स्नेचिंग के आरोपित और पुलिस के बीच मंगलवार देर रात बिल्केश्वर रोड के पास मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपित को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह खड़खड़ी क्षेत्र में बाइक सवार बदमाश एक महिला से चेन झपटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा को बिल्केश्वर रोड के पास बदमाशों के छिपे होने की सूचना मिली।

सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों की घेराबंदी शुरू की। पुलिस को देखते ही आरोपी फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर जंगल की घेराबंदी की। इस दौरान बदमाशों ने दोबारा पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। फायरिंग में एक बदमाश के दाएं पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।

नरेश को पुलिस ने दबोचा, साथी फरार

घायल बदमाश की पहचान नरेश निवासी सुलतानपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से सोने की चेन और चोरी की बाइक बरामद की है। घायल आरोपी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही चेन स्नेचिंग की अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।

वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपित का दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस ने आसपास के जंगल क्षेत्र में कांबिंग की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मुठभेड़ के बाद माफी मांगता नजर आया आरोपित

मुठभेड़ के बाद घायल आरोपित पुलिसकर्मियों से माफी मांगता नजर आया। वह पुलिसकर्मियों से गलती हो जाने की बात कहते हुए माफी मांग रहा था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और चेन स्नेचिंग की घटनाओं से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि चेन स्नेचिंग के मामले में आरोपित नरेश की तलाश की जा रही थी। बिल्केश्वर रोड के पास घेराबंदी के दौरान आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपित के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है और फरार आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला