आपदा के प्रत्येक चरण में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका : प्रकाश चंद्र

 


-प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षकों को दी आपदा प्रबंधन की बारीकियों की जानकारी

देहरादून, 30 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) में बुधवार को वर्ष 2024 और 2026 बैच के प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षकों के लिए अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों को राज्य की आपदा प्रबंधन व्यवस्था, संस्थागत ढांचे और आपदा के विभिन्न चरणों में पुलिस की भूमिका की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) प्रकाश चंद्र ने कहा कि आपदा प्रबंधन के पूरे चक्र में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील है। आपदा के समय कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ मानव जीवन की सुरक्षा, सुरक्षित निकासी तथा राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग पुलिस की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है।

उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित पहुंच, भीड़ एवं यातायात प्रबंधन, राहत सामग्री के वितरण में सहयोग, संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा, अफवाहों पर नियंत्रण और सही सूचना का संप्रेषण आपदा के दौरान पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां हैं। प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन, एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय कर संयुक्त कार्रवाई भी आवश्यक है।

अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (क्रियान्वयन) डीआईजी राजकुमार नेगी ने कहा कि प्रशिक्षु अधिकारियों को भविष्य में आपदा प्रबंधन से जुड़ी रणनीतिक और नेतृत्वकारी जिम्मेदारियां निभानी होंगी। इसके लिए समर्पण, मानवीय संवेदनशीलता, अनुशासन और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभिमुखीकरण कार्यक्रम अधिकारियों को आपदा प्रबंधन की जमीनी समझ देने में सहायक होते हैं।

प्रशिक्षु अधिकारियों को आपदा जोखिम न्यूनीकरण, तैयारी, प्रतिवादन, राहत और पुनर्वास के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया। उन्हें इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (आईआरएस), चेतावनी प्रसारण तंत्र, आपदा पूर्व तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया तथा आपदा के बाद पुनर्वास और पुनर्निर्माण की प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) की कार्यप्रणाली भी समझी।

कार्यक्रम में संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा, डॉ. पीडी माथुर सहित प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक दक्ष शोखंद, लव शर्मा, अदिति पुनेठा, हिमांशु दिवाकर, आदित्य तिवारी, दिव्येश उपाध्याय, अंकित थपलियाल, समीरण भट्ट, विनय सिंह, दीप्ति कैड़ा और तनुजा बिष्ट मौजूद रहे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय