साइबर अपराध, नशा तस्करी और सड़क सुरक्षा पर सख्ती के निर्देश
पौड़ी गढ़वाल, 20 मार्च (हि.स.)। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने अपराध नियंत्रण, सार्वजनिक सुरक्षा और प्रभावी पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक के दौरान एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निस्तारण के निर्देश देते हुए साइबर अपराधों को गंभीरता से लेने पर जोर दिया। उन्होंने थाना प्रभारियों और साइबर सेल को साइबर धोखाधड़ी के मामलों में त्वरित एवं तकनीक-आधारित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने इसे औपचारिकता तक सीमित न रखकर समग्र और परिणाममुखी रणनीति के तहत संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई केवल छोटे सप्लायरों तक सीमित न रहे, बल्कि पूरी सप्लाई चेन की पहचान कर मुख्य सप्लायर, ट्रांसपोर्टर, फाइनेंसर और स्थानीय सहयोगियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों पर शून्य सहनशीलता की नीति अपनाने के निर्देश भी दिए गए। वहीं, ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में अपेक्षाकृत कम चालान होने पर संबंधित थाना प्रभारियों को फटकार लगाई गई और सड़क सुरक्षा के मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए गए।
आगामी नवरात्रि और ईद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संभ्रांत नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जनवरी माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर, अपर पुलिस अधीक्षक संचार अनूप काला, अभियोजन अधिकारी राजीव डोभाल, क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार, निहारिका सेमवाल और सीएफओ राजेंद्र खाती सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह