नीलकंठ कांवड़ यात्रा में 12 साै सुरक्षाकर्मियों की तैनाती
पौड़ी गढ़वाल, 28 जुलाई (हि.स.)। सावन के पावन माह में शिवभक्तों की आस्था के सबसे बड़े आयोजन नीलकंठ श्रावण कांवड़ मेला को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। पुलिस प्रशासन का दावा है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा को सुगम बनाने के लिए इस बार अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पूरे मेला क्षेत्र की जिम्मेदारी 1200 पुलिस, पीएसी, होमगार्ड और पीआरडी जवानों के कंधों पर होगी।
मेला शुरू होने से पहले वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों और जवानों की विस्तृत ब्रीफिंग करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के साथ विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए व सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी टीमें पूरी तरह तैयार रहें।
पुलिस ने इस बार सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक बनाया है। 70 सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए पूरे मेला क्षेत्र पर 24 घंटे नजर रखी जाएगी। कंट्रोल रूम को अत्याधुनिक संचार व्यवस्था से जोड़ा गया है, जहां से हर गतिविधि की लगातार निगरानी होगी और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 23 मोबाइल पुलिस पार्टियां और दो इंटरसेप्टर वाहन लगातार गश्त करेंगे। वहीं श्रद्धालुओं की सहायता के लिए पांच अस्थायी पुलिस चौकियां और आठ खोया-पाया केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां सुरक्षा, मार्गदर्शन और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। पुलिस वेलफेयर टीम भी ड्यूटी में तैनात जवानों तक लगातार आवश्यक सामग्री पहुंचाकर उनका मनोबल बढ़ाएगी।
मेले की सुरक्षा के लिए दो जोन और 24 सेक्टर बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में दो अपर पुलिस अधीक्षक, पांच क्षेत्राधिकारी, 16 निरीक्षक, 98 उपनिरीक्षक एवं महिला उपनिरीक्षक, 345 पुलिसकर्मी, 140 होमगार्ड, 135 पीआरडी जवान, एसडीआरएफ की दो टीमें, पीएसी की एक कंपनी एवं दो प्लाटून, पैरा मिलिट्री की एक प्लाटून, एटीएस की एक टीम व 200 रिक्रूट आरक्षी तैनात किए गए हैं। ब्रीफिंग के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर, अपर पुलिस अधीक्षक संचार अनूप काला, उप जिलाधिकारी यमकेश्वर चतर सिंह चौहान सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह