नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपित की गिरफ्तारी न होने पर जन आक्रोश,चक्काजाम
लंबगांव (टिहरी)। , 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के टिहरी जिले के प्रतापनगर क्षेत्र के केतन लाल प्रकरण से जुड़े नाबालिग से दुष्कर्म मामले में आरोपित की गिरफ्तारी न होने पर क्षेत्र में जनाक्रोश फूट पड़ा। सोमवार को भारी बारिश के बीच स्थानीय लोगों ने लंबगांव-डोबरा मोटर मार्ग पर चक्काजाम कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाई। प्रदर्शन के समर्थन में लंबगांव, मांजफ और प्रतापनगर सहित आसपास के बाजार बंद रहे।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नाबालिग के साथ दुष्कर्म की पुष्टि होने और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उनका आरोप था कि 7 जून को हुई घटना के बाद पुलिस ने पीड़िता की तहरीर तक दर्ज नहीं की। बाद में अस्पताल में जांच के दौरान दुष्कर्म की पुष्टि हुई। इसके बाद हाईकोर्ट के निर्देश पर 11 जुलाई को पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया, लेकिन 10 दिन बीतने के बाद भी गिरफ्तारी नहीं हुई।
ब्लॉक प्रमुख मनीषा पंवार, अवंतिका भंडारी, राजमोहन रावत, उदय रावत, धर्मेंद्र महर, पुरुषोत्तम पंवार और गजेंद्र रावत ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए कहा कि केतन लाल प्रकरण में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की, जबकि नाबालिग के मामले में उदासीनता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि दोनों मामलों में समान और निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
धरना स्थल पर पहुंचे एएसपी दीपक सिंह और एसडीएम मंजू राजपूत ने प्रदर्शनकारियों से दो दौर की वार्ता कर कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।
इस दौरान कनिष्ठ उप प्रमुख विशन रांगड़, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव पंवार, मुरारी रांगड़, राकेश थलवाल, विजय धनाई, मनोज रमोला, जयेंद्र सेमवाल, अमन राणा, युद्धवीर राणा, सुरेश रावत, संजय पोखरियाल और विजय रांगड़ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय