किशोरी को प्रेम जाल में फंसाकर भगाया, आरोपित गिरफ्तार
हरिद्वार, 04 अप्रैल (हि.स.)। पथरी क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी को प्रेम जाल में फंसाकर घर से भगा कर ले जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लेकिन पथरी पुलिस की सक्रियता ने 48 घंटे के भीतर पूरी साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 2 अप्रैल को थाना पथरी क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी के अचानक लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों ने आशंका जताई थी कि गांव का ही युवक अरसिल उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। आखिरकार 4 अप्रैल को पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर आरोपी अरसिल पुत्र जुल्फकार निवासी नसीपुर कला थाना पथरी को गुज्जर बस्ती के पास से गिरफ्तार कर लिया।
थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी ने किशोरी को प्रेम जाल में फंसाकर घर से बाहर बुलाया और अपने साथ ले गया। किशोरी के बयान के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 65(1), 87 बीएनएस और पोक्सो एक्ट की धारा 3(क)/4(2) की बढ़ोतरी कर दी गई है, आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला