उत्तराखंड में दिसंबर तक 15 हजार से अधिक परिवारों को मिलेगी पक्की छत

 


-पीएमएवाई-यू के 84 प्रतिशत आवासों का निर्माण पूरा, 1,271 लाभार्थियों को सौंपी जा चुकी चाबियां

देहरादून, 20 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (पीएमएवाई-यू) के तहत 15 हजार से अधिक परिवारों के अपने घर का सपना इस वर्ष दिसंबर तक साकार होने की उम्मीद है। प्रदेश में योजना के तहत निर्माणाधीन 15,496 आवासीय इकाइयों में से करीब 84 प्रतिशत का निर्माण पूरा हो चुका है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के अनुरूप विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है। प्रदेश में हजारों गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को योजना का सीधा लाभ मिला है। पात्र परिवारों की मदद के लिए योजना में राज्य सरकार की हिस्सेदारी को 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया जा रहा है।

सचिव आवास डॉ.आर.राजेश के अनुसार, प्रदेश में पीएमएवाई-यू के तहत 18 परियोजनाओं में 15,496 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें से 12,948 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 1,271 आवासों की चाबियां लाभार्थियों को सौंपी जा चुकी हैं। इनमें रुड़की के 768 और हरिद्वार के 503 लाभार्थी शामिल हैं। लंबित आवासीय परियोजनाओं को पूरा करने के लिए कार्यदायी संस्थाओं को 30 सितंबर तक की समयसीमा दी गई है।

योजना के तहत सबसे अधिक 10,200 आवास ऊधमसिंह नगर जिले में बनाए जा रहे हैं। इनमें रुद्रपुर हाउसिंग स्कीम के 1,872 आवास तैयार हो चुके हैं। इसके अलावा भवानीपुर (जसपुर) में 1,264, उकरौली-1 (सितारगंज) में 1,168, उकरौली-2 में 864, कनकपुर (काशीपुर) में 1,256, मटकोटा (रुद्रपुर) में 928, श्यामनगर (गदरपुर) में 928, महुवाखेड़ागंज में 824, मानपुर (काशीपुर) में 512 और गंगापुर गोसाल (काशीपुर) में 584 आवास बनाए जा रहे हैं।

हरिद्वार जिले में 4,528 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें मंगलौर में 544, झब्बरपुर में 448, अन्नेखी में 1,152, बेल्दी (बेलड़ी, रुड़की) में 1,088, शिकारपुर में 768 और इंद्रलोक आवासीय योजना में 528 आवास शामिल हैं।

नैनीताल जिले के उम्मेदनगर (रामनगर) में सभी 528 आवासीय इकाइयों का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं, देहरादून की धौलास हाउसिंग स्कीम में 240 में से 180 आवासों का निर्माण पूरा हो गया है।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय