प्रधानमंत्री के दून दौरे को लेकर तैयारियां तेज, रूट 13 जोन में विभाजित, यातायात प्लान जारी

 




देहरादून, 09 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून दौरे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आशारोडी से गढ़ीकैंट तक पूरे रूट को 13 जोन में विभाजित कर जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। प्रधानमंत्री द्वारा 14 अप्रैल को गणेशपुर (सहारनपुर) में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण प्रस्तावित है। दौरे के दौरान पूरे रूट पर सांस्कृतिक दलों की ओर से स्थानीय लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध और चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री के स्वागत में हजारों लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए पेयजल, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है।

जिलाधिकारी ने लॉ एंड ऑर्डर का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। गढ़ीकैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम के लिए पंडाल, बैठने, पार्किंग, पेयजल, जलपान और मोबाइल शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।

इधर, वीवीआईपी दौरे के मद्देनजर देहरादून पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए रूट डायवर्जन प्लान भी जारी किया है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

जारी प्लान के अनुसार देहरादून से सहारनपुर, रुड़की और दिल्ली जाने वाले वाहन शिमला बाईपास तिराहा से नयागांव रोड, धर्मावाला चौक और बेहट मार्ग से गुजरेंगे, जबकि रिस्पना पुल से जोगीवाला, लालतप्पड़, रायवाला और हरिद्वार मार्ग का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।

छुटमलपुर और बिहारीगढ़ जाने वाले वाहनों को शिमला बाईपास, नयागांव रोड और शाकुंभरी देवी मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं बाहरी जनपदों से देहरादून और मसूरी आने वाले वाहनों को छुटमलपुर- बेहट- धर्मावाला चौक- प्रेमनगर- ठाकुरपुर हाईवे- बल्लूपुर चौक मार्ग से आने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा 15 अप्रैल को रुड़की-भगवानपुर-देहरादून मार्ग सभी प्रकार के वाहनों के लिए पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे जारी ट्रैफिक प्लान का पालन करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय