पीएम पोषण योजना : गड़बड़ी मिलने के बाद 44 मदरसों का भुगतान रोका
हरिद्वार, 07 मई (हि.स.)। हरिद्वार जनपद में संचालित मदरसों में पीएम पोषण योजना संचालन की प्रारंभिक जांच में विविध प्रकार की अनियमिताएं सामने आई है। जनपद के मदरसों की प्रारंभिक जांच में 23 मदरसों में मिड डे मील व्यवस्था में गड़बड़ी मिली, जबकि छात्र संख्या में गड़बड़ी के चलते 11 मदरसों में पीएम पोषण योजना का संचालन बंद कर दिया गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने इन मदरसों के मार्च और अप्रैल की भुगतान राशि पर रोक लगा दी है तथा एक कमेटी का गठन कर सभी मदरसों में विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
जिलाधिकारी के आदेश पर की गई प्रारंभिक जांच में पीएम पोषण योजना में 23 मदरसों में छात्रों की संख्या, उनकी उपस्थिति और पीएम पोषण योजना के तहत संचालित मिड डे मील व्यवस्था के हिसाब किताब में गड़बड़ियां पाई गई। इसके बाद प्रशासन ने इन मदरसों की मार्च व अप्रैल माह की धनराशि के भुगतान पर रोक लगा दी गयी है। जांच में यह भी सामने आया है कि कई मदरसों में उत्तराखंड से बाहर के राज्यों से लाकर बच्चों को दाखिल कराया गया है। प्रशासन इस बात की जानकारी जुटा रहा है कि यह बच्चे कहां से और किसके माध्यम से आए और उनका प्रवेश के समय सत्यापन किसने किया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जनपद में संचालित सभी मदरसों में पढ़ने वाले छात्रों और शिक्षकों का सत्यापन किया जा रहा है। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक को नोडल अफ़सर बनाया गया है
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला