माँ हीराबेन मोदी की प्रतिमा का दुग्धाभिषेक कर पीएम मोदी का जन्मदिवस मनाया

 


हरिद्वार, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर उत्तरी हरिद्वार स्थित श्री लाल माता मंदिर वैष्णो देवी गुफा आश्रम में स्थापित उनकी माता हीराबेन मोदी की प्रतिमा का दुग्धाभिषेक किया गया। इसके साथ ही मंदिर प्रांगण में पौधारोपण और फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन संस्था प्रबंधक भक्त दुर्गादास ने किया।

इस अवसर पर भक्त दुर्गादास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजनीति में सेवा और शुचिता के प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में अपनी कर्मठ कार्यशैली और ईमानदारी से उन्होंने पद का सम्मान बढ़ाया है। उनके नेतृत्व में देश विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। जहां पहले अनाज विदेशों से आता था, आज भारत दुनिया को खाद्यान्न के साथ तकनीक और हथियारों का भी निर्यात कर रहा है।

वरिष्ठ भाजपा नेता अनिरुद्ध भाटी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। खेल हो या जंग का मैदान, आज पूरी दुनिया भारत का लोहा मान रही है। भारत विश्व महाशक्ति के रूप में स्थापित होने की ओर मजबूती से बढ़ रहा है। विश्व स्तर पर भी उनके नेतृत्व को मान्यता मिल रही है।

इस अवसर पर स्वामी प्रेमानंद, स्वामी दुर्गेशानंद, स्वामी मनोहर दास, पं. हेमंत, पं. हीरा, अश्वनी कुमार, संजय संतोषी, राघव ठाकुर, गोपी सैनी सहित संत समाज और श्रद्धालु मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला