प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर भाजपा ने प्रदेशभर में जलाए आशीर्वाद के दीप
देहरादून, 17 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर गुरुवार को उत्तराखंड में प्रमुख विकास परियोजनाओं और बूथ स्तर पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम आयोजित किया। पार्टी के अनुसार प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में किए गए कार्यों के प्रति आभार व्यक्त करने और उनकी दीर्घायु की कामना के लिए प्रदेशभर में लाखों दीप जलाए गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के तहत राज्य में मोदी सरकार के कार्यकाल की प्रमुख विकास परियोजनाओं से जुड़े स्थानों को भी दीपों से रोशन किया गया। इनमें ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, चारधाम ऑल-वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, सिलक्यारा-बड़कोट सुरंग, एम्स ऋषिकेश, देहरादून और पंतनगर हवाई अड्डे, केदारनाथ और बदरीनाथ पुनर्विकास, हेमकुंड साहिब कनेक्टिविटी, आईआईटी रुड़की विस्तार, आईआईएम काशीपुर और सीमावर्ती रणनीतिक सड़कें शामिल हैं।
पार्टी के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चकराता विधानसभा क्षेत्र के हरिपुर घाट और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने विकासनगर विधानसभा क्षेत्र के हरबर्टपुर न्यू रोड में कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया।
भाजपा ने कहा कि दीप प्रज्ज्वलन के साथ प्रदेश में 'सेवा समर्पण संकल्प अभियान' की शुरुआत भी की गई। पार्टी के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य विकसित भारत के निर्माण के लिए जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प को आगे बढ़ाना है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय