मृतक को जिंदा दिखाकर तैयार किए फर्जी दस्तावेज, एक गिरफ्तार
हरिद्वार, 18 अगस्त (हि.स.)। मृतक व्यक्ति को जीवित बताकर उसकी फर्जी पहचान के सहारे जमीन से जुड़े कूटरचित दस्तावेज तैयार कर भूमि हड़पने की साजिश का कनखल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी शैलेश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त को शशांक त्यागी पुत्र वीरेंद्र, निवासी अवंतिका चिरंजीव विहार, थाना कविनगर, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश ने कोतवाली कनखल में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि शैलेश गुप्ता पुत्र राजकुमार गुप्ता, निवासी आशुतोष विहार, जगजीतपुर, कनखल, हरिद्वार ने अपने साथियों के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा।
आरोप है कि आरोपितों ने मृतक विनोद कुमार का प्रतिरूपण करते हुए उसे जीवित दर्शाया और वादी की भूमि से संबंधित कूटरचित दस्तावेज तैयार किए। इन दस्तावेजों को वास्तविक बताकर इस्तेमाल करते हुए धोखाधड़ी के जरिए जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया गया।
शिकायत के आधार पर कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान मामले में धारा 319(2) बीएनएस की भी पुष्टि हुई। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश, पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सुरागरसी-पतारसी करते हुए नामजद आरोपी शैलेश गुप्ता को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित शैलेश गुप्ता पुत्र राजकुमार गुप्ता, निवासी आशुतोष विहार, जगजीतपुर, कोतवाली कनखल, जनपद हरिद्वार के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उसका चालान कर दिया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपित फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश और तलाश की कार्रवाई कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला