गड्ढा भरान में घटिया सामग्री मिलने पर जिलाधिकारी नाराज, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

 


पिथौरागढ़, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मानसून के बाद जिले में चल रहे गड्ढा मुक्त सड़क अभियान के तहत सड़क मरम्मत कार्यों का जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। पिथौरागढ़-मुनाकोट सड़क मार्ग पर गड्ढा भरान में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मौके पर सड़क की स्थिति, मरम्मत कार्य और गड्ढा भरान में प्रयुक्त सामग्री को देखा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़क मरम्मत में इस्तेमाल होने वाली सामग्री प्लांट से निर्धारित तकनीकी मानकों और प्रक्रिया के अनुरूप तैयार कर ही मौके पर लाई जाए। उन्होंने कार्यों की नियमित गुणवत्ता जांच और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि मानसून के बाद सड़कों को बेहतर बनाने के लिए चल रहे गड्ढा मुक्त अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्धारित मानकों का उल्लंघन अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय