केंद्र की विकास परियोजनाओं का जायजा लेने छत्तीसगढ़ पहुंचा उत्तराखंड का दल

 




देहरादून, 14 सितंबर (हि.स.)। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत पीआईबी देहरादून की ओर से आयोजित पांच दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रेस टूर के लिए उत्तराखंड का 13 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल सोमवार को रायपुर पहुंचा। अध्ययन भ्रमण का उद्देश्य पत्रकारों को केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं, विकास परियोजनाओं, तकनीकी प्रगति और नवाचारों का जमीनी स्तर पर अवलोकन कराना है।

प्रेस टूर के दौरान मीडिया प्रतिनिधिमंडल छत्तीसगढ़ में विभिन्न राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं और संस्थानों का दौरा करेगा। प्रतिनिधिमंडल एसईसीएल बिलासपुर, एनटीपीसी और बीएएलसीओ कोरबा, 40 किलोवाट सौर परियोजना, जनजातीय संग्रहालय और सिरपुर का भ्रमण करेगा। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों का अवलोकन तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट भी प्रस्तावित है।

पीआईबी देहरादून के कंडक्टिंग ऑफिसर संजीव सुंद्रियाल ने कहा कि प्रेस टूर उत्तराखंड के पत्रकारों को केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं और राष्ट्रीय स्तर पर संचालित महत्वपूर्ण पहलों से सीधे जुड़ने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि अध्ययन यात्रा के माध्यम से पत्रकारों को परियोजनाओं की जमीनी स्थिति, तकनीकी प्रगति और उनके जनहित से जुड़े पहलुओं को समझने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस टूर का उद्देश्य क्षेत्रीय मीडिया और राष्ट्रीय स्तर की विकास प्राथमिकताओं के बीच मजबूत सेतु बनाना है, ताकि विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं से जुड़ी सटीक और प्रामाणिक जानकारी आम जनता तक पहुंच सके।

पीआईबी देहरादून की ओर से समय-समय पर ऐसे राष्ट्रीय प्रेस टूर आयोजित किए जाते रहे हैं। इससे पहले उत्तराखंड के पत्रकारों के लिए हैदराबाद, ओडिशा और विशाखापट्टनम में भी अध्ययन भ्रमण आयोजित किए जा चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय