चमोली में पेट्रोल व डीजल की उपलब्धता सामान्य : जिलाधिकारी
चमोली, 24 मई (हि.स.)। चमोली में पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने कहा विभिन्न तेल कंपनियों एवं पेट्रोल पंप संचालकों से बात कर जानकारी ली गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद में ईंधन की कोई कमी नहीं है और लगातार तेल के लोडर पहुंच रहे हैं।
आईओसीएल व एचपी के सेल्स अधिकारियों ने जानकारी दी है कि पेट्रोल एवं डीजल के नियमित लोडर जिले में पहुंच रहे हैं और आपूर्ति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। उन्होंने बताया कि जीएमवीएन पीपलकोटी स्थित पेट्रोल पंप का भुगतान लंबित होने के कारण वहां कुछ समय के लिए लोडर पहुंचने में समस्या आई थी, लेकिन अब डीजल का लोडर पहुंच चुका है तथा पेट्रोल का लोडर भी शीघ्र भेजा जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार तेल कंपनियों ने पूर्व में क्रेडिट व्यवस्था पर तेल उपलब्ध कराया जाता था, जबकि वर्तमान में केवल कैश भुगतान पर ही तेल आपूर्ति किए जाने के नए नियम के कारण कुछ स्थानों पर अस्थाई समस्या उत्पन्न हुई है। विशेष रूप से बीपीसीएल के पंपों पर अधिक दबाव देखा जा रहा है, जबकि आईओसीएल एवं एचपी के अधिकांश पेट्रोल पंपों की स्थिति सामान्य बनी हुई है।
सेल्स अधिकारियों ने जानकारी दी कि जनपद के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर वर्तमान ईंधन स्टॉक की स्थिति संतोषजनक बनी हुई है। जेएसआर फ्यूल स्टेशन पर वर्तमान में 6025 लीटर डीजल एवं 4550 लीटर पेट्रोल उपलब्ध है, जबकि 4 केएल पेट्रोल एवं 8 केएल डीजल के अतिरिक्त टैंकर मार्ग में आ रहें हैं। बद्रीविशाल फिलिंग स्टेशन, बदरीनाथ में 8659 लीटर पेट्रोल एवं 23049 लीटर डीजल उपलब्ध है। अलकनंदा फिलिंग स्टेशन पर 18836 लीटर पेट्रोल एवं 7000 लीटर डीजल उपलब्ध है व एक 12 केएल के टैंकर मार्ग में ऑन दा वे हैं ।
त्रिवेणी फिलिंग स्टेशन पर 4500 लीटर डीजल एवं 7352 लीटर पेट्रोल उपलब्ध है तथा यहां भी एक 12 केएल टैंकर पहुंचने वाला है। वहीं जीएमओयू कर्णप्रयाग पेट्रोल पंप पर 11945 लीटर पेट्रोल एवं 16100 लीटर डीजल का स्टॉक उपलब्ध है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जनपदवासियों एवं यात्रियों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा लगातार आपूर्ति व्यवस्था की मॉनिटरिंग की जा रही है और आवश्यकतानुसार समन्वय स्थापित कर ईंधन की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल