हरिद्वार में कैंसर मरीजों को मिलेगी अब पैट-सीटी स्कैन की सुविधा

 


हरिद्वार, 02 जुलाई (हि.स.)। हरिद्वार के होप सुपर स्पेशियलिटी एंड कैंसर हॉस्पिटल, जगजीतपुर में शीघ्र ही पैट-सीटी स्कैन (न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग) की अत्याधुनिक सुविधा शुरू होने जा रही है। इसके शुरू होने के बाद हरिद्वार एवं आसपास के जनपदों के मरीजों को पैट-सीटी स्कैन जैसी महत्वपूर्ण जांच के लिए दिल्ली या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

होप हॉस्पिटल के महाप्रबंधक डॉ. एस. के. मिश्रा ने बताया कि पैट-सीटी स्कैन के माध्यम से कैंसर की सटीक पहचान, उसकी स्टेजिंग, उपचार की प्रभावशीलता का मूल्यांकन तथा पुनरावृत्ति की जांच अधिक सटीकता के साथ की जााती है।

इस अत्याधुनिक न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग के शुरू होने से हरिद्वार सहित उत्तराखंड एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मरीजों को समय, धन और अनावश्यक यात्रा से राहत मिलेगी। अस्पताल का उद्देश्य आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराकर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है।

डॉ. मिश्रा ने बताया कि पैट-सीटी स्कैन सेवा शुरू होने की तिथि एवं पंजीकरण संबंधी जानकारी शीघ्र ही सार्वजनिक की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला