प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोदियाल ने की कार्यकर्ताओं के साथ बैठक

 


हरिद्वार, 07 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के दौरे को लेकर मंगलवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल हरिद्वार पहुंचे और जयराम आश्रम में कार्यकर्ताओं के साथ हरिद्वार में होने वाली बैठक को लेकर चर्चा की। पीसीसी अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि आगामी 2027 के चुनाव को देखते हुए उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा का महत्वपूर्ण दौर होने जा रहा है। जिसकी तैयारियों को लेकर उन्होंने कार्यकर्ताओं को आवश्यक निर्देश दिए।

पीसीसी कमेटी के गठन में देरी के सवाल पर गणेश गोदियाल ने कहा कि 5 राज्यों के चुनाव की व्यस्तता के चलते इसमें देरी हो रही है और उन्हें उम्मीद है कि प्रदेश प्रभारी के दौरे के बाद जल्द ही पीसीसी कमेटी की घोषणा हो जाएगी। हरीश रावत को राज्यपाल बनाए जाने के यशपाल आर्य के बयान पर गणेश गोदियाल ने कहा कि उनकी इस विषय पर अभी दोनों नेताओं में कोई बात नहीं हुई है। बात करने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

गणेश गोदियाल ने असम के सीएम हेमंत विश्व शर्मा की बयानबाजी को अनर्गल बताया और कहा कि उन्हें मर्यादा में रहकर बयानबाजी करनी चाहिए।

गौरतलब है कि अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा का पांच दिवसीय दौरा बुधवार से शुरू हो रहा है। इस दौरान कुमारी शैलजा पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा करेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला