स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवारों ने पं. श्रीराम शर्मा आचार्य को दी श्रद्धांजलि्

 


हरिद्वार, 07 जून (हि.स.)। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के तत्वावधान में संचालित राष्ट्रव्यापी अभियान हर महीने प्रथम रविवार, दस बजे दस मिनट स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों के नाम के अंतर्गत रविवार को देश भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस दौरान ध्वजारोहण, राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता सेनानी स्मारकों और शहीद स्थलों पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश के वीर सपूतों को नमन किया गया।

हरिद्वार जिले में वटवृक्ष सुनहरा, स्वतंत्रता सेनानी स्तंभ भगवानपुर, लक्सर, रुड़की, बहादराबाद और हरिद्वार सहित अमर शहीद जगदीश वत्स पार्क, जटवाड़ा पुल (ज्वालापुर) में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की 36वीं पुण्यतिथि पर उन्हें विशेष श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार मदन लाल और समिति के अध्यक्ष डॉ. वेद प्रकाश ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया और शहीद जगदीश वत्स की प्रतिमा तथा पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र रघुवंशी, पर्यावरण प्रेमी ग्रीनमैन विजय पाल सिंह बघेल ने कहा कि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य ने राष्ट्र निर्माण और समाज जागरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक योगदान दिया तथा भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में मजबूत आधारशिला रखी। समिति ने भारत सरकार से उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग की है।

अरुण कुमार पाठक व सुरेश चंद्र सुयाल ने भी पं. श्रीराम शर्मा आचार्य को भारत रत्न दिलाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में अर्जुन सिंह राणा, अनुराग सिंह गौतम, आदित्य गहलोत, कैलाश चंद्र वैष्णव, प्रमेश चौधरी, जोगिंद्र तनेजा, वेद प्रकाश आर्य, वीरेन्द्र गहलोत, शिवेन्द्र गहलोत, नरेन्द्र कुमार वर्मा, रमेश चंद गुप्ता, हरगोविंद तिवारी, बिजेंद्र सिंह तथा अमित कुमार मीत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला