उत्तरकाशी के पवाणी गांव में भीषण आग, एक साथ जले कई मकान
उत्तरकाशी, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तरकाशी जिले के मोरी विकासखंड की हरकीदून घाटी स्थित पवाणी गांव में मंगलवार शाम भीषण आग लग गई। घटना में कई मकान जलकर राख हो गए। प्रारंभिक सूचना के अनुसार अग्निकांड से 30 से अधिक परिवार प्रभावित हुए हैं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मोरी तहसील मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर पवाणी गांव में मंगलवार शाम लगभग साढ़े चार बजे एक मकान में अचानक आग लग गई। ग्रामीण कुछ समझ पाते, इससे पहले आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के अन्य भवनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग गांव के कई मकानों तक फैल गई। आग से मकानों में रखा खाद्यान्न, बर्तन, कपड़े, नकदी और अन्य घरेलू सामान जलने की सूचना है। इससे प्रभावित परिवारों को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
मोरी तहसीलदार सरदार सिंह चौहान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व, अग्निशमन और एसडीआरएफ की टीमें मौके के लिए रवाना कर दी गई हैं। पवाणी गांव तक पहुंचने में बचाव दल को दो घंटे से अधिक का समय लग सकता है। टीमों के मौके पर पहुंचने और स्थिति का जायजा लेने के बाद ही नुकसान का विस्तृत आकलन हो सकेगा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
हिन्दुस्थान समाचार/ सुरेंद्र नौटियाल----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय