एसआईआर कार्य में गुणवत्ता और सत्यापन सुनिश्चित करें अधिकारी: जिलाधिकारी
पौड़ी गढ़वाल, 20 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने गुरुवार को जिला निर्वाचन कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दाैरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसआईआर में केवल प्रपत्रों की संख्या बढ़ाना लक्ष्य न हो,बल्कि प्रत्येक प्रपत्र की जांच,सत्यापन और निस्तारण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एसआईआर प्रपत्रों के निस्तारण का रैंडम चेक किया। कुछ नो-मैपिंग वाले प्रपत्रों में बीएलओ और एईआरओ की रिपोर्ट संलग्न नहीं पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक रिपोर्ट और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने यमकेश्वर और श्रीनगर विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) से फोन पर वार्ता कर प्रपत्र निर्धारित प्रारूप और आवश्यक रिपोर्ट के साथ भेजने को कहा। उन्होंने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ से नोटिसों की सुनवाई प्रक्रिया की भी जानकारी ली।
चौबट्टाखाल और कोटद्वार विधानसभा क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने अधिकारियों से बेहतर समन्वय के साथ कार्य जारी रखने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में सुनवाई की प्रक्रिया निर्धारित रूप से आगे बढ़ रही है और शेष प्रक्रिया भी जल्द पूरी कर ली जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक एसआईआर फॉर्म निर्धारित प्रारूप में भरने और हर स्तर पर प्रपत्रों की जांच एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान एडीएम एफआर चौहान, सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह सहित निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह