राज्य शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार मिलने पर जताई खुशी
पौड़ी गढ़वाल, 15 अक्टूबर (हि.स.)।विषम भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले जनता इंटर कॉलेज धांधणखेत ने प्रदेश स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
थलीसैंण विकासखंड के इस अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय को राज्य शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया है। सम्मान मिलने पर विद्यालय प्रबंध समिति, अभिभावक-शिक्षक संघ (पीटीए) और स्थानीय ग्रामीणों ने खुशी जताई है।
देहरादून में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षामंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने स्कूल की ओर से कार्यवाहक प्रधानाचार्य डॉ. बबीता धस्माना को सम्मान प्रदान किया। डॉ. बबीता धस्माना ने कहा कि यह सम्मान स्कूल में शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने, बेहतर परीक्षा परिणाम देने और सीमित संसाधनों के बीच शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल करने के प्रयासों को मान्यता देने वाला है। क्षेत्रवासियों ने इसे थलीसैंण क्षेत्र के साथ ही पूरे पौड़ी जनपद के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह