कमंद में पिंजरे में कैद हुआ गुलदार

 

पौड़ी गढ़वाल, 16 जून (हि.स.)। गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी नागदेव रेंज के कमंद गांव में गुलदार पिंजरे में कैद हो गया है। गुलदार को रेस्क्यू कर स्वास्थ्य परीक्षण के लिए रेंज कार्यालय लाया गया है। गुलदार के पिंजरे में कैद होने पर वन विभाग को थोड़ी राहत मिली है।

गढ़वाल वन प्रभाग की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि बीती 15 मई को ग्राम सभा थली के कमंद गांव में गुलदार द्वारा एक व्यक्ति पर हमला कर उसे मार दिया था। जिसके बाद क्षेत्र में गुलदार को कैद करने के लिए पिंजरे लगाए गए थे। साथ ही क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही थी। बताया कि गुलदार पर कैमरा ट्रैप से भी नजर रखी जा रही थी।

बताया कि आज सुबह कमंद गांव के पास लगाए गए एक पिंजरे में गुलदार कैद हुआ है। जिसको स्वास्थ्य परीक्षण के लिए रेंज कार्यालय लाया गया है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह