ल्वाली-घीड़ी पहुंचीं डीएम, योजनाओं की जानी हकीकत

 


पौड़ी गढ़वाल, 03 अक्टूबर (हि.स.)।जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान ल्वाली और घीड़ी पहुंचकर विकास कार्यों, आजीविका गतिविधियों, विद्यालयी व्यवस्थाओं और ग्रामीण सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।

ल्वाली में जिलाधिकारी ने साधना स्वायत्त सहकारिता के संग्रहण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों के संग्रहण, प्रसंस्करण और विक्रय की जानकारी ली। महिलाओं ने झाड़ी कटान के लिए बुश कटर, उत्पादों के संरक्षण के लिए डीहाइड्रेटर और ग्रेडिंग मशीन की मांग रखी। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को उपकरण उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों और बाजार की मांग के अनुरूप आजीविका गतिविधियों में विविधता लाकर महिलाओं की आय बढ़ाने पर ध्यान दिया जाए।

राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय ल्वाली में डीएम ने बाल मेले का निरीक्षण किया। विद्यार्थियों ने विद्युत परिपथ, वर्षा जल संरक्षण, पृथ्वी के स्थलरूप, वायुमंडल की परतों, औषधीय पौधों और नवीकरणीय ऊर्जा समेत विभिन्न विषयों पर मॉडल प्रस्तुत किए।

कक्षा पांच के कुछ विद्यार्थी गणित के आधारभूत प्रश्नों का जवाब नहीं दे पाए। इस पर डीएम ने शिक्षकों को बच्चों की बुनियादी अवधारणाएं मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए पर्याप्त मंच उपलब्ध कराने को भी कहा।

विद्यालय में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए डीएम ने दाल-सब्जी का स्वाद लिया और भोजनमाताओं से जानकारी ली। लकड़ी के चूल्हे पर भोजन बनता देख उन्होंने नाराजगी जताई और गैस कनेक्शन होने के कारण भोजन गैस पर ही तैयार करने के निर्देश दिए।

इसके बाद डीएम राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के पैतृक गांव घीड़ी पहुंचीं। ग्रामीणों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ उनका स्वागत किया। उन्होंने ग्रामीणों से क्षेत्र की समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। शहीद पार्क के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण करते हुए उन्होंने ग्रामीण निर्माण विभाग से विस्तृत डीपीआर तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। प्रस्तावित पार्क में ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक और सौंदर्यीकरण समेत अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। डीएम ने कहा कि पार्क ग्रामीणों की सहमति और अपेक्षाओं के अनुरूप बनाया जाए।

ग्रामीणों ने राजकीय इंटर कॉलेज कालेश्वर में सोलर लाइट और विद्यालय की क्षति का मामला उठाया। डीएम ने सोलर लाइट लगाने के साथ विद्यालय की मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। गैंड गांव की पेयजल योजना में आवश्यक लाइन जोड़ने और खराब फीडर की समस्या का भी निरीक्षण करने को कहा। सामुदायिक भवन के लिए तैयार प्राक्कलन शासन को भेजने की बात कही।

डीएम ने ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बैंक सखियों के माध्यम से सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने घीड़ी स्थित पर्यटक विश्राम गृह का निरीक्षण भी किया। अठूल गांव की सड़कों की मरम्मत के लिए प्रस्ताव एससीपी में प्रस्तुत करने को कहा।

डीएम ने कहा कि क्षेत्र भ्रमण का उद्देश्य योजनाओं और विकास कार्यों की जमीनी स्थिति जानने के साथ ग्रामीणों की समस्याओं को उनके बीच पहुंचकर समझना है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों और आवश्यकताओं पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान घीड़ी मातबर सिंह बिष्ट, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग लक्ष्मी प्रसाद भट्ट समेत संबंधित अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह