जिला योजना की धीमी रफ्तार पर सीडीओ नाराज, 60 प्रतिशत खर्च का लक्ष्य
पौड़ी गढ़वाल, 02 अक्टूबर (हि.स.)।जिला योजना के तहत विकास कार्यों की रफ्तार धीमी होने पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने संबंधित विभागों को तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। जिला योजना के तहत अवमुक्त धनराशि के सापेक्ष अब तक महज 41.32 प्रतिशत धनराशि ही खर्च हो पाई है। सीडीओ ने अधिकारियों को इस माह के अंत तक कम से कम 60 प्रतिशत भौतिक एवं वित्तीय प्रगति हासिल करने का लक्ष्य दिया।
विकास भवन में आयोजित जिला योजना की समीक्षा बैठक में सीडीओ ने विभागवार भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्वीकृत और अवमुक्त धनराशि का निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समयबद्ध उपयोग किया जाए, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।
समीक्षा के दौरान लोनिवि लैंसडौन की धीमी वित्तीय प्रगति पर सीडीओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप भौतिक एवं वित्तीय प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्माण खंड पौड़ी की धीमी प्रगति पर भी आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने जल संस्थान यांत्रिक शाखा कोटद्वार, उरेडा, सिंचाई खंड दुगड्डा, स्वास्थ्य, होम्योपैथिक चिकित्सा, प्राथमिक शिक्षा और कृषि विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों को माह के अंत तक कम से कम 60 प्रतिशत प्रगति हासिल करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेंद्र पांडे, अधिशासी अभियंता लोनिवि प्रांतीय खंड विवेक सेमवाल, अधिशासी अभियंता जल संस्थान त्रेपन रावत, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह