घंडियाल स्वास्थ्य शिविर में मरीजों ने लिया विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ

 


पौड़ी गढ़वाल, 18 जुलाई (हि.स.)।स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के तहत स्वास्थ्य विभाग पौड़ी द्वारा 16 से 18 जुलाई तक ब्लॉक कल्जीखाल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंडियाल में आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में 668 मरीजों ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार व परामर्श दिया। इस दौरान एक्स-रे, रक्त जांच, ओरल, सर्वाइकल एवं ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग, मधुमेह और उच्च रक्तचाप की जांच, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। पात्र लाभार्थियों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र भी बनाए गए।

शिविर में जनरल फिजिशियन ने 225, ऑर्थोपेडिक सर्जन ने 170, नेत्र रोग विशेषज्ञ ने 44 तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ ने 23 गर्भवती महिलाओं की जांच की। इसके अलावा 168 लोगों की रक्त जांच, 90 लोगों के टीबी संबंधी एक्स-रे और आठ दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाए गए।

शिविर में उप जिला चिकित्सालय श्रीनगर की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. समीक्षा वर्मा, डॉ. मोहित कुमार, डॉ. दिगपाल, जयंती डबराल, सीएचसी घंडियाल की प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मीनाक्षी वर्मा, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक शरद रौतेला, अंकित बागवानी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह