गांधी-शास्त्री जयंती पर पतंजलि विवि ने निकाली स्वच्छता और नशामुक्ति रैली

 


हरिद्वार, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर पतंजलि विश्वविद्यालय में ‘स्वच्छता ही सेवा, स्वच्छता ही संस्कार’ और ‘नशामुक्त भारत’ अभियान चलाया गया।

कुलपति आचार्य बालकृष्ण ने विश्वविद्यालय परिवार को स्वच्छ पर्यावरण और नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई।

आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं, इसे दैनिक जीवन में अपनाना होगा। हर कार्य के लिए प्रशासन पर निर्भर रहना उचित नहीं, हमें अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। साध्वी देवप्रिया ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ देश से ही समृद्ध भारत की परिकल्पना साकार होगी, गंदगी मुक्त देश रोगों से बचेगा।

अभियान के तहत विश्वविद्यालय परिसर से लेकर आसपास के क्षेत्रों तक जागरूकता रैली निकाली गई। एनसीसी, एनएसएस, योग, आयुर्वेद, दर्शन, संस्कृत, पत्रकारिता सहित सभी संकायों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ और ‘नशामुक्त भारत-स्वस्थ भारत’ के नारों, बैनरों और पोस्टरों से लोगों को जागरूक किया।

रैली के बाद आचार्य बालकृष्ण के नेतृत्व में सभी ने श्रमदान कर कचरा एकत्र किया, साफ-सफाई की और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों पर लोगों को जागरूक कर युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान किया गया।

इस दौरान गांधी जी के स्वच्छता और शास्त्री जी के सादगी व कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को याद किया गया। अभियान में प्रो. मयंक अग्रवाल, डॉ. सत्येंद्र मित्तल, डॉ. ऋत्विक बिसारिया, डॉ. ए.के. सिंह, डॉ. श्रीकृष्ण चंडक, डॉ. निर्विकार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला